कुदरत का कहर: उत्तर भारत समेत कई राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि, फसलों को भारी नुकसान

नई दिल्ली। पंजाब, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर समेत देश के कई राज्यों में मंगलवार को वर्षा, वज्रपात और ओलावृष्टि से जान-माल को व्यापक नुकसान पहुंचा।
पंजाब के कई जिलों में वर्षा व ओलावृष्टि से गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई। ओडिशा के मयूरभंज के पलासबदा गांव में घर के बाहर खेल रहे एक छह वर्षीय बच्चे की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई।
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में भी दिन भर काले बादल छाए रहे और तेज हवा के साथ वर्षा हुई। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के साथ हवा के पैटर्न में बदलाव के कारण हुआ। इस कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
तेज आंधी और वर्षा के कारण शाम तक 300 उड़ानें विलंबित रहीं
तेज आंधी और वर्षा के कारण शाम तक 300 उड़ानें विलंबित रहीं। खराब दृश्यता के कारण 22 विमानों को दिल्ली में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली, जिन्हें जयपुर, लखनऊ, अमृतसर और अहमदाबाद की ओर डायवर्ट किया गया।
पंजाब में मौसम विभाग ने बुधवार को भी वर्षा के बीच ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है। यदि मौसम साफ नहीं हुआ तो गेहूं के दाने काले पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
वर्षा से सरसों की फसल व बागवानी को भी क्षति पहुंची है। कृषि मंत्री गुरमीत खुड्डियां ने कहा कि लगातार तीन दिन से हो रही वर्षा से राज्य में गेहूं की लगभग सवा लाख एकड़ फसल को नुकसान हुआ है।
ओडिशा व जम्मू कश्मीर में भी नुकसान
वर्षा से ओडिशा के भुवनेश्वर समेत मयूरभंज, रायगढ़ा, बलांगीर और जाजपुर जिलों में फसलों को काफी नुकसान पहुंचा।
कई कच्चे मकानों की छतें उड़ गईं और निचले इलाकों में वर्षा का पानी घरों में घुसने से लोग परेशान दिखे। कई स्थलों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
वहीं, जम्मू कश्मीर के बांडीपोरा में सोमवार देर रात ओलावृष्टि से बागों को 25 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचा। ओलावृष्टि के कारण पेड़ों की पत्तियां फट गईं और फूल झड़ गए। बागवानी विभाग के एक अधिकारी के अनुसार प्रभावित ब्लॉकों में स्थिति गंभीर है।
झारखंड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
झारखंड में मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा, तेज हवा और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की आशंका जताई है।
विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
