मेक्सिको में भीषण बस हादसा, 10 की मौत 32 घायल

मेक्सिको में  भीषण बस हादसा, 10 की मौत 32 घायल
X


मेक्सिको सिटी। मेक्सिको में क्रिसमस से एक दिन पहले दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार बस के पलटने से 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है, जबकि 32 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई।

यह दुर्घटना जोंटेकोमाटलान कस्बे में हुई। बताया जा रहा है कि बस मैक्सिको सिटी से चिकोंटेपेक की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह तेज रफ्तार या फिर किसी तरह की मैकेनिकल खराबी मानी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया।

स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और बस के तकनीकी हालात तथा चालक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। क्रिसमस से पहले हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।

Next Story