नेपाल में 13,500 कैदी फरार: पुलिस से भिड़ंत में 5 नाबालिग ढेर, 30 की मौत से दहशत!

नेपाल में Gen-Z के विरोध प्रदर्शनों ने भारत के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ भड़के हिंसक तांडव का फायदा उठाकर 13,500 से ज्यादा कैदी जेल तोड़कर फुर्र हो गए। साथ ही, 560 हिरासत में लिए गए आरोपी भी चकमा देकर भाग निकले। पश्चिमी नेपाल की एक जेल में कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों से हथियार छीनने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस की गोलीबारी में पांच नाबालिग कैदी मारे गए और चार बुरी तरह जख्मी हुए। अब तक इस बवाल में 1,000 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं और 30 की जान जा चुकी है। ये फरार कैदी अब भारत में घुसने की जुगत में हैं, जिससे सीमा पर हड़कंप मचा है।
नेपाल में Gen-Z का गुस्सा ज्वालामुखी बनकर फटा है। भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया बैन के खिलाफ सड़कों पर उतरे नौजवानों ने संसद, सुप्रीम कोर्ट और नेताओं के घरों को आग के हवाले कर दिया। इस अराजकता में जेलें भी नहीं बचीं। राजबिराज जेल में कैदियों ने ब्लॉक B को आग के हवाले कर हंगामा मचाया, और कई कैदी रफूचक्कर हो गए। जेल अधीक्षक गंगा योगी ने बताया कि आंसू गैस और दमकल की मार से आग तो बुझ गई, लेकिन कई कैदी हवा में गायब। बीरगंज जेल में कैदियों ने दीवार ढहाकर भागने की कोशिश की, मगर पुलिस की हवाई फायरिंग और आंसू गैस ने चार कैदियों को मामूली चोटों के साथ रोक लिया। जलेश्वर जेल में तो हद हो गई—576 में से 575 कैदी गायब, मानो जेल खाली कर दी हो!
सुशीला कार्की बोलीं- निष्पक्ष चुनाव जरूरी
सुशीला कार्की ने बातचीत में कहा- Gen Z प्रदर्शनकारियों ने मुझ पर भरोसा जताकर अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी दी है। मेरी पहली जिम्मेदारी है कि जिन लोगों ने आंदोलन में जान गंवाई, उन्हें सम्मान दिया जाए और देश में स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराए जाएं।
सीमा पर हाई वोल्टेज ड्रामा:
फरार कैदियों के भारत में घुसने की फिराक ने 1,751 किमी लंबी भारत-नेपाल सीमा को जंग का मैदान बना दिया। सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने सिद्धार्थनगर (UP) में पांच और सीतामढ़ी (बिहार) में दस कैदियों को धर दबोचा, जिनमें दो भारतीय भी शामिल हैं। बिहार में नेपाल-भारत मैत्री बसें ठप, 26 चेकपॉइंट्स और छह चौकियों पर SSB की पैनी नजर। भारतीय खुफिया इकाइयाँ फर्जी खबरों और घुसपैठियों पर टिकी हैं।
नेपाल में तूफान:
प्रदर्शनकारियों के तांडव ने PM केपी शर्मा ओली को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया, और उन्होंने इस्तीफा दे दिया। काठमांडू समेत कई जिलों में कर्फ्यू और नेपाली सेना की तैनाती के बावजूद बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा। जेलों में लूटपाट और आगजनी ने प्रशासन को हिलाकर रख दिया।
ओली बोले- एक गहरी साजिश
पद छोडने के बाद पहली बार पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली ने बयान दिया है। उन्होंने युवाओं के नाम खुली चिट्ठी लिखकर प्रदर्शन को गहरी साजिश बताया है। उन्होंने कार्यालयों में आगजनी और जेल से कैदियों को छुड़ाने जैसी घटनाओं को पहले से तय बताया।
भारत की टेंशन:
फरार कैदियों का भारत में घुसना सुरक्षा के लिए नया सिरदर्द बन सकता है। UP, बिहार और उत्तराखंड में सीमा पर चौकसी दोगुनी। SSB ने भारतीय नागरिकों को नेपाल से निकालने के लिए हेल्पडेस्क खोले हैं। क्या नेपाल का यह तूफान भारत में तबाही मचाएगा, या SSB का जाल इसे रोक लेगा?
