मोतिहारी में खूनी मुठभेड़: पुलिस को दी थी 15 जवानों को मारने की धमकी, एनकाउंटर में दो कुख्यात ढेर, एक जवान शहीद

मोतिहारी/बिहार। बिहार के मोतिहारी में सोमवार की देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुआ आमना-सामना खून-खराबे में बदल गया। चकिया थाना क्षेत्र के सिहोरवा मठ के पास हुई इस भीषण मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने ढेर कर दिया, हालांकि इस कार्रवाई में पुलिस विभाग का एक जांबाज जवान भी शहीद हो गया। करीब एक घंटे तक चले इस 'गैंगवार' जैसे मंजर ने पूरे इलाके को दहला दिया है।
"15 पुलिसवालों को मार देंगे..." अपराधियों की वह दुस्साहसी धमकी
मुठभेड़ की शुरुआत अपराधियों की एक सनक भरी धमकी से हुई। मारे गए अपराधियों ने पुलिस को फोन कर चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था, "न्यूज में चल रहा है कि मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ है, अगली खबर क्या होगी पता है? मुठभेड़ में 10 से 15 पुलिसवालों की मौत और अपराधी फरार। इतनी गोलियां चलेंगी कि गिन नहीं पाओगे।" अपराधियों की इसी हिमाकत के बाद पुलिस ने नंबर ट्रेस किया और एसटीएफ के साथ मिलकर सिहोरवा मठ के पास उनकी घेराबंदी की।
एक घंटे तक गूंजती रहीं गोलियां, कार्बाइन बरामद
जैसे ही पुलिस और एसटीएफ की टीम लोकेशन पर पहुँची, अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। ताबड़तोड़ गोलीबारी में सिहोरवा मठ निवासी कुंदन ठाकुर और दिव्यांशु दुबे मारे गए। पुलिस ने मौके से एक कार्बाइन और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान अपराधियों के कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
बिहार में अपराधियों के खिलाफ 'हॉट' एक्शन जारी
बिहार में पिछले 48 घंटों के भीतर यह दूसरा बड़ा एनकाउंटर है। इससे पहले रविवार रात सारण में पुलिस ने जहरीली शराब कांड के आरोपी शराब माफिया सूरज महतो को मुठभेड़ के बाद पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। मोतिहारी की इस घटना ने साफ कर दिया है कि खाकी अब अपराधियों की चुनौतियों का जवाब उसी की भाषा में दे रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
