इंडोनेशिया में भीषण बस हादसा, 16 यात्रियों की मौत 18 घायल

इंडोनेशिया में सड़क दुर्घटनाएं लगातार गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं। ताजा मामला जावा आइलैंड से सामने आया है, जहां सोमवार तड़के एक यात्रियों से भरी बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। यह बस राजधानी जकार्ता से योग्याकार्ता जा रही थी।
हादसा सेंट्रल जावा प्रांत के सेमारंग शहर में क्रापयाक और पांडनारन सड़कों के चौराहे पर हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार बस अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के समय बस में कुल 34 यात्री सवार थे।
इस दर्दनाक हादसे में 16 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें से 15 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
हादसे में घायल हुए 18 यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। पुलिस और राहत एजेंसियां दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।
