त्योहार की खुशियां मातम में बदली: 21 महीने के मासूम हादी की बेरहमी से हत्या, आरोपी महिला मौके पर मिली बेहोश

नई दिल्ली | रमजान के पाक महीने में जहाँ घरों में खुशियों और इबादत का माहौल है, वहीं एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। ओल्ड सीलमपुर से अपनी मां के साथ ननिहाल आए 21 महीने के मासूम हादी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जिस घर से ईद की खुशियां मनाई जानी थी, वहां से अब मासूम का जनाजा उठेगा।
ननिहाल में पसरा सन्नाटा, खुशियां हुई काफूर
जानकारी के अनुसार, ओल्ड सीलमपुर निवासी आदिल का 21 महीने का बेटा हादी अपनी मां उजमा के साथ मुखर्जी नगर स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था। परिवार रमजान और आने वाले त्योहार की तैयारियों में जुटा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि काल उनके घर के भीतर ही बैठा है।
वारदात के बाद आरोपी महिला मिली बेहोश
इस सनसनीखेज हत्या का आरोप अजरा नामक महिला पर लगा है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो हैरान रह गई, क्योंकि मासूम की जान लेने के बाद आरोपी अजरा घटनास्थल पर ही बेहोश पड़ी मिली। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर बाबू जगजीवन राम मेमोरियल हॉस्पिटल भेजा है।
मानसिक तनाव या रंजिश? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में लगी है कि आखिर एक मासूम बच्चे की हत्या क्यों की गई? क्या आरोपी अजरा किसी गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रही थी या फिर इस खौफनाक कदम के पीछे कोई पुरानी पारिवारिक रंजिश थी? पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।
