मेले में गोलगप्पा खाने से 25 से अधिक बच्चे बीमार

मेले में गोलगप्पा खाने से 25 से अधिक बच्चे बीमार
X

झारखंड के पलामू जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां महाशिवरात्रि मेले की खुशियां बच्चों की सेहत पर भारी पड़ गईं। दूषित खान-पान के कारण दर्जनों बच्चे फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए हैं। पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका इलाके में महाशिवरात्रि मेले के दौरान गोलगप्पा खाने के बाद 25 से अधिक बच्चे गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। सभी बच्चों को उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) की शिकायत है। फिलहाल अधिकांश बच्चों का इलाज ग्रामीण स्तर पर ही चल रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ गांव के लिए रवाना हो गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शिफ्ट किया जा सके।

कैसे बिगड़ी तबीयत?

द्वारिका के रघुआखाड़ में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में मेला लगा था। द्वारिका, यादव टोला और जमुआटांड़ समेत आसपास के गांवों के बच्चों ने मेले में गोलगप्पा खाया था। रविवार रात से बच्चों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई और सोमवार सुबह तक कई बच्चों की स्थिति नाजुक हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र को सूचित किया।

प्रशासन अलर्ट

स्थानीय निवासी ध्रुव कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके बेटे सहित गांव के कई बच्चों ने मेले में गोलगप्पे खाए थे, जिसके बाद यह समस्या शुरू हुई। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्राथमिक उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।

Next Story