दिल्ली: स्कूटी चार्जिंग के दौरान धमाका, चार मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स स्वाहा; 25 दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू

दिल्ली। पुराना सीलमपुर में एक कपड़े की दुकान में चार्जिंग पर लगी स्कूटी में आग लग गई। देखते ही देखते चार मंजिला शापिंग कांप्लेक्स को आग ने अपने आगोश में ले लिया। आग लगते ही आसपास के मकानों व दुकानों को खाली करवाया गया। आग इतनी विकराल थी कि दमकल की 25 गाड़ियों को लगाया गया। करीब साढ़े चार घंटे में आग पर काबू पाया गया। कृष्णा नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक कूलिंग का काम चल रहा था।
लाखों रुपये का सामान जलकर हो गया खाक
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम चार बजे सूचना मिली थी कि पुराना सीलमपुर में एक कपड़े की दुकान में आग लगी है। सूचना मिलते ही दमकल व पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। पता चला कि चार सौ गज में बने चार मंजिला शापिंग कांप्लेक्स में भू-तल पर कपड़े की 15 दुकानें बनी हुई हैं। एक दुकान में एक स्कूटी चार्जिंग पर लगी हुई थी।
अचानक से धमाके के साथ स्कूटी में आग लगी, जिससे दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटी ऊपरी मंजिल तक जा पहुंची, जिससे वहां भी आग लग गई। वक्त रहते यहां काम करने वाले लोगों ने बाहर भागकर अपनी जान बचाई। कपड़े की वजह से दमकल को आग बुझाने में काफी परेशानी हुई।
रास्ता संकरा और अतिक्रमण से भरा
पुराना सीलमपुर का रास्ता संकरा होने के साथ वहां सड़क पर होने वाले अतिक्रमण से दमकल विभाग को आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आरोप है कि दमकल की पहली गाड़ी को जीटी रोड से पुराना सीलमपुर पहुंचने में करीब 25 मिनट लगे। जिससे कांप्लेक्स में आग बढ़ती चली गई। पुलिस व स्थानीय लोगो ने सड़क से अतिक्रमण को हटाया। जिस जगह आग लगी थी, वहां एकसाथ दमकल की कई गाड़ियां खड़ी नहीं हो सकती थी। एक वाहन का पानी खत्म होने के बाद उसे वापस निकाला गया, जब दूसरी गाड़ी मौके पर आई।
