बड़ा सड़क हादसा: मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 युवकों को पिकअप ने कुचला, 2 की मौत, 1 गंभीर घायल

जशपुरनगर। गुरुवार की सुबह जशपुर के गुमला-कटनी नेशनल हाइवे क्रमांक-43 पर मॉर्निंग वॉक कर रहे तीन युवकों को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने कुचल दिया। हादसे में मौके पर दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, जशपुर कोतवाली अंतर्गत ग्राम गम्हरिया निवासी लकड़ा मिस्त्री और हीरा मिस्त्री, जो वाहन मेकैनिक थे, सुबह नेशनल हाइवे पर मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों युवक मौके पर ही दम तोड़ गए। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति भी पिकअप की चपेट में आया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मृतकों व घायल को अस्पताल भेजा। घायल का इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप अत्यधिक तेज गति में थी और चालक ने नियंत्रण खोते हुए तीनों पैदल चालकों को कुचल दिया। हादसे से मृतकों के परिवार में मातम है, जबकि स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

कोतवाली पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चालक का पता लगाया जा सके।

Next Story