पूर्वोत्तर भारत में बारिश का कहर: 34 लोगों की मौत

नई दिल्ली। भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में बीते कुछ दिनें से भारी बारिश का दौर जारी है। मूसलाधार बारिश से आई बाढ़ और भूस्खलन से 34 लोगोंं जान जा चुकी है। वहीं, बड़ी संख्या में लोग जख्मी भी हुए है, जिनका इलाज चल रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार, असम में 10, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5 और मेघालय में 6 लोगों की मौत हुई है। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वोत्तर राज्यों के लिए पांच जून तक बारिश की चेतावनी जारी की है।
भारी बारिश की वजह से बाढ़ और लैंडस्लाइड प्रभावित इलाकों से लोगों को निकाला जा रहा है। इसके लिए भारतीय सेना, एयरफोर्स और असम रायफल्स के जवान बचाव अभियान में जुटे हुए है। बताया जा रहा है कि असम के 19 जिलों में 3.64 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। सड़क और रेल सेवाएं ठप होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मूसलाधार बारिश की वजह से ब्रह्मपुत्र और बराक सहित 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।