अहमदाबाद, वापी में भारी बारिश, घरों-दुकानों में पानी घुसा:5 जिलों में रेड अलर्ट; जयपुर में सड़कें लबालब, बूंदी के अस्पताल में पानी भरा

मानसून ने देश के 75 फीसदी हिस्से को कवर कर लिया है। गुजरात, राजस्थान और झारखंड में भारी बारिश हो रही है। पूर्वी UP के 13 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी है।
गुजरात के अहमदाबाद, वापी और राजकोट में गुरुवार को भारी बारिश से सड़क, घरों और दुकानों में पानी भर गया है। सावरकुंडला, राजुला में स्थानीय नदियां उफान पर आ गई हैं। नवसारी, वलसाड, डांग, दमण और दादरा नगर हवेली के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। जयपुर, बूंदी और कोटा में भी बारिश हो रही है। बूंदी में 6.7 मिमी बारिश हुई। यहां के सरकारी अस्पताल में पानी भर गया। झारखंड के जमशेदपुर में भारी बारिश के चलते घरों में पानी घुस गया। रांची के सभी स्कूल गुरुवार को बंद रहे। बुधवार को खराब मौसम के कारण रांची से 4 फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं।
मध्यप्रदेश के 54 जिलों में मानसून पहुंच गया है। इंदौर में तेज तो भोपाल में रिमझिम बारिश हुई। ग्वालियर और चंबल में भारी बारिश का अलर्ट है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को गुजरात, ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़, कोंकण-गोवा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सौराष्ट्र-कच्छ, कर्नाटक और केरल के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
