भारत के आगे झुका पाकिस्तान, चैंपियंस ट्रॉफी पर आया बड़ा अपडेट, लाहौर में नहीं होंगे मैच?

भारत के आगे झुका पाकिस्तान, चैंपियंस ट्रॉफी पर आया बड़ा अपडेट, लाहौर में नहीं होंगे मैच?
X

अगले साल पाकिस्तान की मेजबानी में चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होना है। अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने इसका वेन्यू फाइनल नहीं किया है। इस बीच एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) भारत के आगे झुकने को तैयार है। बता दें कि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अब तक भारतीय टीम को पाकिस्तान दौरे पर भेजने के लिए हामी नहीं भरी है।

पाकिस्तान दौरे पर नहीं जाएगी टीम इंडिया?

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, चैंपियंस ट्रॉफी के तहत भारत अपने मुकाबले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और शारजाह में खेल सकता है। वहीं, पीसीबी भी इस टूर्नामेंट का आयोजन हाइब्रिड मॉडल में कराने के लिए राजी हो सकता है। पीसीबी के एक विश्वसनीय सूत्र ने पीटीआई से कहा, पीसीबी को लगता है कि भले ही भारत सरकार पाकिस्तान दौरे को मंजूरी ना दे लेकिन कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव किया जा सकता है क्योंकि पूरी संभावना है कि भारत अपने मैच दुबई या शारजाह में खेलेगा।

भारत सरकार लेगी अंतिम फैसला

मालूम हो कि, पाकिस्तान ने पिछली बार जब 2023 में एशिया कप की मेजबानी की थी तो इसका आयोजन भी हाइब्रिड मॉडल में किया गया था। इस दौरान भारत ने अपने मैच श्रीलंका में खेले थे। भारत सरकार ने टीम इंडिया को पाकिस्तान का दौरे करने की इजाजत नहीं दी थी। वहीं, एक बार फिर ऐसी स्थिति बनती दिख रही है कि भारत सरकार भारतीय क्रिकेट टीम को पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी खेलने की अनुमति नहीं देगा।

11 नवंबर को हो सकता है शेड्यूल का एलान

अब तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) अपनी ओर से किसी भी बोर्ड को अपनी सरकारी नीति के खिलाफ जाने के लिए मजबूर नहीं कर सकता है। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बहुत जल्द चैंपियंस ट्रॉफी के शेड्यूल की घोषणा की जा सकती है।

रिपोर्ट में कहा गया, आईसीसी का एक प्रतिनिधिमंडल 10-12 नवंबर तक लाहौर का दौरा करेगा। इस दौरान चैंपियंस ट्रॉफी के लिए जारी तैयारियों का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान एक कार्यक्रम में चैंपियंस ट्रॉफी के शेड्यूल का एलान किया जा सकता है। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि 11 नवंबर को आईसीसी की तरफ से प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है। पीटीआई को पीसीबी के एक सूत्र ने बताया, पीसीबी ने आईसीसी के साथ उस संभावित कार्यक्रम पर चर्चा की है जो उन्होंने कुछ महीने पहले भेजा था और वह चाहता है कि 11 नवंबर को उसी कार्यक्रम की घोषणा की जाए।

पीसीबी ने की यह मांग

इस रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि पीसीबी ने आईसीसी से मांग की है कि अगर बीसीसीआई टीम इंडिया को पाकिस्तान के दौरे पर नहीं भेजता है तो उन्हें यह बात लिखित में देनी होगी। सूत्र ने कहा, पीसीबी चाहता है कि बीसीसीआई लिखित में दे कि उन्हें अपनी टीम पाकिस्तान भेजने के लिए अपनी सरकार से अनुमति मिली है या नहीं।

Next Story