नेपाल में बड़ा सड़क हादसा, खाई में गिरी माइक्रोबस, 7 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत

काठमांडू। नेपाल के गोरखा जिले में शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम सात भारतीय श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु मनकामना मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक इलेक्ट्रिक माइक्रोबस साहिद लखन ग्रामीण नगरपालिका के कंतार क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
गोरखा जिला पुलिस कार्यालय के उप पुलिस अधीक्षक राज कुमार श्रेष्ठ ने बताया कि हादसे में घायल सात श्रद्धालुओं को इलाज के लिए चितवन जिले के भरतपुर स्थित चितवन मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान देर शाम तक जारी रहा।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार माइक्रोबस में एक दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। गोरखा के मुख्य जिला अधिकारी तुलसी बहादुर श्रेष्ठ ने बताया कि वाहन मनकामना मंदिर से पश्चिम दिशा में तनहूं जिले के अनबुखैरेनी क्षेत्र की ओर जा रहा था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मंदिर दर्शन के बाद यात्री किस स्थान के लिए रवाना हुए थे।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पहाड़ी सड़क के एक तीखे मोड़ पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे माइक्रोबस खाई में गिर गई।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में भी अनबुखैरेनी क्षेत्र में भारतीय श्रद्धालुओं से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 27 लोगों की मौत हो गई थी।
नेपाल में पिछले कुछ वर्षों में सड़क हादसों के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। नेपाल ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के अनुसार एक दशक पहले देश में 4,999 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुई थीं, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 7,669 तक पहुंच गई।
भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - [email protected]
व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की
