मासूमियत पर हैवानियत: चोरी के शक में 7 साल के बच्चे को आधे घंटे तक डीप फ्रीजर में किया बंद

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गांव शेखपुर खिचरा में मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक दुकानदार ने कोल्ड ड्रिंक चोरी के शक में 7 साल के मासूम बच्चे अनस के साथ अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि दुकानदार आजाद ने बच्चे को सजा देने के नाम पर लगभग आधे घंटे तक चालू डीप फ्रीजर के अंदर बंद कर दिया। इस दौरान मासूम हाड़ कंपा देने वाली ठंड से कांपता रहा और बाहर निकालने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा।
घटना की पराकाष्ठा तब हुई जब दुकानदार ने बच्चे को बाहर निकालने के बजाय उसका रोते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में बच्चा बुरी तरह घबराया हुआ और मदद के लिए चीखता नजर आ रहा है। करीब आधे घंटे बाद जब उसे बाहर निकाला गया, तो ठंड के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल किया है और आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने इस क्रूर कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए सख्त सजा की मांग की है।
