ईरान संकट गहराया: UN में होर्मुज स्ट्रेट खोलने का प्रस्ताव फेल, रूस-चीन ने किया वीटो; ट्रंप की 'सभ्यता' खत्म करने की धमकी

न्यूयॉर्क/तेहरान। ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव अब विश्व युद्ध की आहट देने लगा है। संयुक्त राष्ट्र (UN) में होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए लाया गया महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित नहीं हो सका। रूस और चीन ने अपने वीटो पावर का इस्तेमाल कर इस प्रस्ताव को रोक दिया। बहरीन द्वारा लाए गए इस प्रस्ताव में किसी सैन्य कार्रवाई का जिक्र नहीं था, फिर भी वैश्विक शक्तियों के बीच सहमति नहीं बन पाई।
ट्रंप का कड़ा रुख: "आज रात खत्म हो सकती है ईरानी सभ्यता"
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा बयान ने पूरी दुनिया में खलबली मचा दी है। ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि आज रात दुनिया इतिहास के सबसे अहम पल की गवाह बनेगी और ईरान की पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है। इस पर पलटवार करते हुए दक्षिण अफ्रीका स्थित ईरानी दूतावास ने कहा कि अमेरिका को ईरान की प्राचीन सभ्यता से ऐसा करारा जवाब मिलेगा जिसे वे कभी भूल नहीं पाएंगे।
इजराइल का ईरान पर बड़ा प्रहार: रेल लाइनों और ऑयल टर्मिनल पर हमले
मंगलवार को इजराइली वायुसेना ने ईरान के भीतर घुसकर जबरदस्त बमबारी की। इजराइल ने ईरान की 10 प्रमुख रेल लाइनों और पुलों को निशाना बनाया ताकि रिवोल्यूशनरी गार्ड्स हथियारों की सप्लाई न कर सकें।
खार्ग आइलैंड: ईरान का सबसे बड़ा हमला खार्ग आइलैंड पर हुआ, जो ईरान के कच्चे तेल के निर्यात (80-90%) का मुख्य केंद्र है।
रेलवे नेटवर्क तबाह: कोम, कशान और तबरीज-जंजान हाईवे के पुलों को ध्वस्त कर दिया गया। कशान के पास हुए हमले में 2 लोगों की मौत और 3 के घायल होने की खबर है।
अमेरिकी पत्रकार की रिहाई की उम्मीद
इस युद्ध के माहौल के बीच इराक से एक राहत भरी खबर आई है। उग्रवादी संगठन कताइब हिजबुल्लाह ने मार्च में अगवा की गई अमेरिकी पत्रकार शेली किटल्सन को रिहा करने की बात कही है। हालांकि, संगठन ने शर्त रखी है कि रिहाई के तुरंत बाद उन्हें इराक छोड़ना होगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
