OMG: 50 साल की महिला ने 18 साल के लड़के से रचाई शादी

50 साल की महिला ने 18 साल के लड़के से रचाई शादी
X

भागलपुर। बिहार के भागलपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां पचास साल की महिला ने 18 साल के युवक के साथ शादी कर समाज की परंपराओं और मर्यादा की सभी सीमाएं तोड़ दीं। यह अजीबो-गरीब प्रेम कहानी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

मामला घोघा थाना क्षेत्र के पक्कीसराय गांव का है। यहां सल्लो मंडल का 18 वर्षीय बेटा कन्हाई कुमार अपनी प्रेमिका ज्योति देवी को दुल्हन बनाकर घर ले आया है। ज्योति देवी की उम्र करीब 50 साल है और वह तीन बेटियों और एक बेटे की मां है। इतना ही नहीं, उसके नाती-नतनी भी हैं।

महिला की शादी की खबर मिलते ही उसके स्वजनों में हड़कंप मच गया। बेटी गुड़िया कुमारी और दामाद ने घोघा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उनकी मां को घर वापस लाया जाए। इस मामले की पुष्टि थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।

गुजरात में पनपा था प्यार

ज्योति देवी का परिवार पहले गुजरात में रहता था। महिला का पति और इकलौता बेटा भी वहीं थे। इसी दौरान पास में रहने वाले युवक कन्हाई कुमार से महिला की नजदीकी बढ़ी। धीरे-धीरे दोनों में प्रेम संबंध बने और एक दिन महिला युवक के साथ फरार हो गई।

परिवार और पंचायत भी नाकाम

जानकारी के मुताबिक, ज्योति देवी मूल रूप से कहलगांव के शोभनाथपुर गांव की रहने वाली है। फरार होने के बाद परिवार ने काफी खोजबीन की और आखिरकार महिला कन्हाई के घर पक्कीसराय में मिल गई। स्वजन और ग्रामीणों के सामने पंचायत भी हुई, लेकिन उस दौरान महिला सामने नहीं आई। इसके बाद परिवार निराश होकर वापस लौट गया।

दुल्हन को शर्म नहीं, बेटी-दामाद से नजरें झुका लेती है

ग्रामीणों का कहना है कि महिला प्रेमी के घर में खुलेआम रह रही है और समाज की परवाह नहीं कर रही। हालांकि, जब बेटी-दामाद सामने आते हैं तो वह नजरें झुका लेती है और उनसे बचने की कोशिश करती है।

Tags

Next Story