एयर इंडिया एक्सप्रेस: तकनीकी खराबी के बाद गुवाहाटी लौटी फ्लाइट, यात्री सुरक्षित

नई दिल्ली असम के गुवाहाटी से डिब्रूगढ़ जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान सोमवार को तकनीकी खराबी आने के बाद गुवाहाटी वापस लौट गई। समस्या को ठीक करने के बाद विमान को दोबारा रवाना किया गया और यह शाम को सुरक्षित डिब्रूगढ़ पहुंच गया। हालांकि, एयरलाइन कंपनी की तरफ से अब तक गड़बड़ी की जानकारी साझा नहीं की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, बोइंग 737 मैक्स 8 विमान ने गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 12:20 बजे उड़ान भरी थी और इसे 1:25 बजे डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे पर उतरना था। हालांकि, लैंडिंग से ठीक पहले पायलटों ने विमान के एक पंख से संबंधित एवीऑनिक्स प्रणाली में समस्या देखी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल गुवाहाटी लौटने का निर्णय लिया।
इंजीनियरों की तरफ से जांच और मरम्मत के बाद उड़ान संख्या आईएक्स-1186 ने दोबारा गुवाहाटी से उड़ान भरी और शाम 6:20 बजे डिब्रूगढ़ पहुंची। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
