दोहा जा रहा एअर इंडिया विमान वापस लौटा, केरल से भरी थी उड़ान

केरल से कतर की राजधानी दोहा जा रहे एअर इंडिया के विमान में उड़ान भरने के बाद तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने एटीसी को विमान में खराबी की जानकारी दी। इसके बाद विमान को वापस केरल के कोझिकोड एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया।रडार24 के मुताबिक बोइंग बी738 मॉडल के इस विमान को सुबह 8.50 बजे टेकऑफ करना था। 9.17 बजे उड़ान भरने के बाद विमान को वापस लौटना पड़ा। विमान को दो घंटे बाद 11.12 बजे हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड कराया गया। हवाई अड्डा के अधिकारियों ने बताया कि उड़ान संख्या IX 375 में पायलटों और चालक दल सहित 188 लोग सवार थे। अधिकारी ने कहा कि विमान के केबिन एसी में कुछ तकनीकी समस्या थी। यह आपातकालीन लैंडिंग नहीं थी।
एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि हमारी एक उड़ान तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के बाद केरल के कोझिकोड लौट आई। हमने प्राथमिकता के आधार पर एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की, देरी के दौरान मेहमानों को जलपान उपलब्ध कराया और उड़ान रवाना हो गई।
