Ajab-Gajab:: खौलते पानी में डालो , भारी वजन के नीचे दबाओ या अंतरिक्ष में भेज दो , फिर भी ये जीव रहेगा जिंदा
धरती पर कई ऐसे जीव पाए जाते हैं, जो अत्यधिक कठिन परिस्थितियों में भी जीवित रह सकते हैं। इनमें सबसे अनोखा जीव है 'वॉटर बीयर' यानी टार्डिग्रेड्स।
टार्डिग्रेड्स को खौलते पानी में डाल दिया जाए, भारी वजन के नीचे दबा दिया जाए या अंतरिक्ष में भेज दिया जाए, फिर भी ये जीव जिंदा रहते हैं। वैज्ञानिकों ने 2007 में हजारों टार्डिग्रेड्स को सैटेलाइट में अंतरिक्ष भेजा था। जब स्पेसक्राफ्ट वापस आया, तो देखा गया कि ये जीव जिंदा थे और कुछ मादाओं ने अंडे भी दे दिए थे।
आम इंसान 35-40 डिग्री तापमान पर असहज हो जाता है, लेकिन टार्डिग्रेड्स 300 डिग्री फारेनहाइट तक तापमान सहन कर सकते हैं। ये जीव अंतरिक्ष की ठंड और मरियाना ट्रेंच जैसे उच्च दबाव वाले क्षेत्रों में भी जीवित रह सकते हैं। इन्हें धरती का सबसे मजबूत जीव माना जाता है, जो ज्वालामुखी से लेकर बर्फ तक हर जगह जीवित रह सकते हैं।
टार्डिग्रेड्स आमतौर पर उन जगहों पर पाए जाते हैं, जो पानी सूखने के बाद शुष्क हो चुकी हों। समय के साथ ये जीव शुष्क वातावरण में भी जीवित रहने की क्षमता विकसित कर चुके हैं। जब पानी उपलब्ध होता है, तो ये अपनी कोशिकाओं को फिर से पानी से भर लेते हैं।
सूखे के दौरान टार्डिग्रेड्स के कुछ जीन सक्रिय हो जाते हैं, जो उनकी कोशिकाओं में पानी की जगह ले लेते हैं। फिर महीनों या वर्षों बाद, जब दोबारा पानी मिलता है, तो ये कोशिकाओं को पानी से भरकर जिंदा हो जाते हैं।
वैज्ञानिकों के अनुसार, टार्डिग्रेड्स में 'पैरामैक्रोबियोटस' नामक जीन होता है, जो एक सुरक्षात्मक फ्लोरोसेंट ढाल का काम करता है और अल्ट्रा वॉयलेट विकिरण से रक्षा करता है। यह जीन हानिकारक पराबैंगनी किरणों को अवशोषित कर उसे हानिरहित नीली रोशनी के रूप में बाहर निकाल देता है। सामान्य जीव इन किरणों के बीच केवल 15 मिनट तक जीवित रह सकते हैं।
