ओडिशा के मयूरभंज जिले में सहायक शिक्षिका निलंबित: छात्रों को पैर न छूने पर बेरहमी से पीटा

ओडिशा के मयूरभंज जिले में सहायक शिक्षिका निलंबित: छात्रों को पैर न छूने पर बेरहमी से पीटा
X


ओडिशा के मयूरभंज जिले के बेतनोती ब्लॉक के प्रतिमादेवीपुर क्लस्टर स्थित खंडादेउला सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक सहायक शिक्षिका पर छात्रों को पीटने का गंभीर आरोप लगा है। सहायक शिक्षिका सुकांति कर ने कथित तौर पर शनिवार सुबह प्रार्थना के बाद छात्रों को बांस की छड़ी से बुरी तरह पीटा, क्योंकि वे उनका पैर नहीं छूए। घटना 14 सितंबर 2025 को हुई, जब शिक्षिका देरी से स्कूल पहुंचीं और छठी से आठवीं कक्षा के 31 छात्रों से सम्मान की मांग की। छात्रों का कहना है कि शिक्षिका गुस्से में लाल हो गईं और बेरहमी से हमला कर दिया।

इस घटना में कई छात्र घायल हुए। एक छात्र का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि एक लड़की बेहोश होकर अस्पताल पहुंची। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने और अभिभावकों की शिकायत पर प्रकाश में आया। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने तत्काल जांच शुरू की, जिसमें अभिभावक, स्कूल प्रबंधन समिति, प्रधानाध्यापक और घायल छात्रों के बयान लिए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को ही सुकांति कर को निलंबित कर दिया गया।

ओडिशा सरकार ने 2004 से स्कूलों में शारीरिक दंड पर सख्त प्रतिबंध लगा रखा है, लेकिन ऐसी घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। विभागीय जांच जारी है, और आगे सख्त कार्रवाई की संभावना है। यह घटना शिक्षा प्रणाली में शिक्षकों के आचरण और छात्र सुरक्षा पर सवाल उठा रही है। अभिभावक संगठनों ने ऐसी घटनाओं पर कड़ी निगरानी की मांग की है।

Next Story