विमान के केबिन में उच्च तापमान के कारण भुवनेश्वर-दिल्ली फ्लाइट रद्द

नई दिल्ली|एअर इंडिया की भुवनेश्वर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को रविवार को तकनीकी खराबी के चलते रद्द करना पड़ा। विमान के केबिन में अत्यधिक गर्मी दर्ज की गई, जिससे फ्लाइट को टेकऑफ से ठीक पहले रोकना पड़ा। यह जानकारी एअर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान में दी। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि विमान में कितने यात्री सवार थे, किस तरह का एयरक्राफ्ट इस्तेमाल होना था और फ्लाइट का निर्धारित समय क्या था।
यह घटना उसी दिन की है जब एअर इंडिया की एक और फ्लाइट सिंगापुर से चेन्नई जाने वाली AI349 को मेंटेनेंस कारणों से रद्द करना पड़ा। दोनों घटनाएं ऐसे समय पर हुई हैं जब डीजीसीए ने एअर इंडिया के खिलाफ 100 से ज़्यादा सुरक्षा उल्लंघनों का खुलासा किया है। इनमें से सात उल्लंघन ‘लेवल-1’ श्रेणी के हैं, जिन्हें गंभीर सुरक्षा जोखिम माना जाता है और जिन पर तुरंत कार्रवाई आवश्यक होती है।
भुवनेश्वर से दिल्ली तक उड़ान भरनी थी
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम के मुताबिक, रद्द की गई फ्लाइट एक एयरबस A321 विमान द्वारा दोपहर 12:35 बजे उड़ान भरने वाली थी और 2:55 बजे दिल्ली पहुंचनी थी। एअर इंडिया ने कहा कि हमारी भुवनेश्वर एयरपोर्ट टीम यात्रियों की मदद कर रही है ताकि उन्हें अन्य फ्लाइट्स से दिल्ली पहुंचाया जा सके। हमें हुई असुविधा पर खेद है।
एअर इंडिया पर भरोसे में गिरावट
हाल ही में लोकल सर्कल्स नामक संस्था द्वारा किए गए एक ऑनलाइन सर्वे में 76% यात्रियों ने माना कि भारत में कई एयरलाइंस सुरक्षा से ज्यादा प्रचार पर खर्च कर रही हैं। वहीं, 64% लोगों ने कहा कि उन्हें पिछले तीन वर्षों में किसी न किसी फ्लाइट में कठिन टेकऑफ, लैंडिंग या इन-फ्लाइट समस्या का सामना करना पड़ा है।
लंदन से उड़ान के दौरान बड़ा हादसा
इससे पहले 12 जून को एअर इंडिया की एक बोइंग 787-8 फ्लाइट, जो लंदन गेटविक से उड़ान भर रही थी, टेकऑफ के कुछ मिनट बाद एक मेडिकल कॉलेज से टकरा गई थी। इस हादसे में 241 यात्रियों और 19 स्थानीय लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद डीजीसीए ने एअर इंडिया के प्रशिक्षण, क्रू ड्यूटी, और रनवे क्वालिफिकेशन जैसे मामलों की गहन जांच शुरू की थी। ताज़ा घटनाएं एअर इंडिया की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।