बिहार चुनाव 2025: दूसरे चरण का प्रचार खत्म, 11 नवंबर को 122 सीटों पर मतदान

बिहार चुनाव 2025: दूसरे चरण का प्रचार खत्म, 11 नवंबर को 122 सीटों पर मतदान
X


बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का चुनाव प्रचार रविवार शाम 6 बजे समाप्त हो गया। अब मतदाता मंगलवार, 11 नवंबर को अपनी नई सरकार चुनने के लिए मतदान करेंगे। इस चरण में कुल 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इनमें से 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। इस चरण में करीब 3 करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

**नेताओं का प्रचार और रैलियां**



चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, महागठबंधन की तरफ से कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, आरजेडी नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान समेत कई बड़े नेता ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे थे।

नीतीश कुमार ने अपने विकास कार्यों को गिनाया, जबकि तेजस्वी यादव ने रोजगार को मुख्य मुद्दा बनाया और युवाओं को जोड़ने का प्रयास किया। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आरोप-प्रत्यारोप और वादों की बारिश पूरे दिन जारी रही, जिससे चुनावी माहौल गरमाया रहा।

**महत्वपूर्ण सीटें और मुकाबला**

दूसरे चरण में कैमूर का चैनपुर, रोहतास का सासाराम, गया शहर, लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, सुगौली, त्रिवेणीगंज और बनमनखी जैसी सीटों पर बहुकोणीय मुकाबले की संभावना है। खासतौर पर तीन सीटों पर 22-22 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

**मतदाता विवरण**

* पुरुष मतदाता: 1,95,44,041

* महिला मतदाता: 1,74,68,572

* थर्ड जेंडर: 943

* 18-29 वर्ष: 84.84 लाख

* 30-40 वर्ष: 1.04 करोड़

**चुनाव सुरक्षा और निगरानी**

मतदान के लिए 45,399 बूथ तैयार किए गए हैं। इनमें 595 महिला संचालित, 91 दिव्यांग संचालित और 316 मॉडल बूथ शामिल हैं। सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की जाएगी, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित हो सके।

चुनाव आयोग ने सुरक्षा और व्यवस्था को कड़ा करते हुए मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने का दावा किया है।

Next Story