चारधाम यात्रा 2026: आज से शुरू हुआ ऑनलाइन पंजीकरण, 19 अप्रैल से शुरू होगी पवित्र यात्रा

चारधाम यात्रा 2026: आज से शुरू हुआ ऑनलाइन पंजीकरण, 19 अप्रैल से शुरू होगी पवित्र यात्रा
X


देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का इंतजार खत्म हो गया है। पर्यटन विभाग द्वारा शुक्रवार सुबह 7 बजे से ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यात्रा पर आने वाले सभी देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण करना अनिवार्य है। विभाग ने सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

वेबसाइट और मोबाइल एप पर पंजीकरण की सुविधा

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि श्रद्धालु विभाग की आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in या मोबाइल एप 'Tourist Care Uttarakhand' के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। भारतीय श्रद्धालुओं के लिए आधार कार्ड अनिवार्य होगा, जबकि विदेशी पर्यटक अपनी ई-मेल आईडी का उपयोग कर पंजीकरण कर सकेंगे। किसी भी सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 0135-1364 पर 24 घंटे सेवा उपलब्ध रहेगी।

कपाट खुलने की तिथि और ऑफलाइन सुविधा

इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से विधिवत रूप से शुरू हो रही है। बाबा केदारनाथ के कपाट 22 अप्रैल को और बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। जो श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कर पाएंगे, उनके लिए 17 अप्रैल से ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में ऑफलाइन पंजीकरण काउंटर खोले जाएंगे।

Next Story