राहुल गांधी को हलवाई ने दी 'शादी की सलाह'!: दिवाली पर पुरानी दिल्ली में इमरती बनाते दिखे नेता प्रतिपक्ष

दिवाली पर पुरानी दिल्ली में इमरती बनाते दिखे नेता प्रतिपक्ष
X

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिवाली के मौके पर एक अनोखे अंदाज में नजर आए। उन्होंने दिल्ली की राजनीति की चकाचौंध से दूर, पुरानी दिल्ली की एक मशहूर मिठाई की दुकान में हलवाई की भूमिका निभाई।

राहुल गांधी ने सोमवार को अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह ऐतिहासिक घंटेवाला मिठाई की दुकान पर इमरती और बेसन के लड्डू बनाने में अपना हाथ आजमाते दिख रहे हैं।





"बस अब आपकी शादी का इंतजार है!"

इस दौरान दुकान के मालिक ने राहुल गांधी से एक दिल छू लेने वाली और थोड़ी शरारती गुजारिश कर डाली, जिसने सबका ध्यान खींचा। मिठाई वाले ने राहुल गांधी से कहा कि उन्हें अब जल्दी शादी कर लेनी चाहिए।



मिठाई वाले ने भावुक होते हुए कहा:

“हमने आपके नाना (जवाहरलाल नेहरू), दादी (इंदिरा गांधी), पापा (राजीव गांधी) और दीदी (प्रियंका गांधी) को सर्व किया है। बस अब एक चीज का इंतजार है, आपसे गुजारिश है कि जल्दी शादी करिए। आपकी शादी का इंतजार है। सबसे पहले आप शादी करिए। उसकी मिठाई भी आप हमसे लीजिए। हम उसका इंतजार कर रहे हैं।”

राहुल गांधी ने दिया 'मुस्कान' से जवाब

हलवाई की इस सीधी सलाह पर राहुल गांधी ने कोई मौखिक जवाब नहीं दिया, बल्कि सिर्फ मुस्कुरा कर रह गए।

"मिठास रिश्तों में भी होती है"

राहुल गांधी ने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर शेयर करते हुए लिखा, "पुरानी दिल्ली की मशहूर और ऐतिहासिक घंटेवाला मिठाइयों की दुकान पर इमरती और बेसन के लड्डू बनाने में हाथ आजमाया।"

उन्होंने इस अनुभव को 'खालिस, पारंपरिक और दिल को छू लेने वाला' बताया और कहा कि दीपावली की असली मिठास सिर्फ थाली में नहीं, बल्कि रिश्तों और समाज में भी होती है।

उन्होंने देशवासियों से पूछा, "आप सब बताएं, आप अपनी दिवाली कैसे मना रहे हैं, और उसे कैसे खास बना रहे हैं?"

राहुल गांधी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां उनकी सादगी और मिठाई वाले की सलाह को लेकर खूब चर्चा हो रही है।

Next Story