विवादित पोस्टर से मचा बवाल — श्रद्धालुओं की आहत हुई भावनाएं, पुलिस एक्शन में

विवादित पोस्टर से मचा बवाल — श्रद्धालुओं की आहत हुई भावनाएं, पुलिस एक्शन में
X

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक विवादित पोस्टर ने शहर में बड़ा हंगामा खड़ा कर दिया है। “दूध शाकाहार नहीं है” लिखे इस फ्लेक्स बोर्ड ने नर्मदा तट गौरी घाट पर दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया है। मामला सामने आते ही शहर में चर्चा तेज हो गई और पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, रातों रात गुपचुप तरीके से नर्मदा तट और आसपास के इलाकों में कई विवादित फ्लेक्स बोर्ड लगाए गए थे। इन बोर्ड पर लिखा गया — “दूध शाकाहार नहीं है। भारत दुनिया में बीफ के सबसे बड़े निर्यातकों में से एक है। अधिक जानने के लिए ‘मां का दूध’ यूट्यूब पर देखें।” सुबह जब श्रद्धालुओं ने इन बोर्ड को देखा तो आक्रोश फैल गया।

विवाद बढ़ता देख पुलिस एक्शन में आई। गोरखपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्लेक्स बोर्ड से लदी लोडिंग गाड़ी को जब्त कर लिया। श्रद्धालुओं की शिकायत पर पुलिस ने फ्लेक्स लगाने वाली एजेंसी के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आखिर किसने धार्मिक स्थल के पास इस तरह के भड़काऊ पोस्टर लगवाने की साजिश रची और इसके पीछे क्या मंशा थी। इस घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।

Next Story