दिल्ली से लेह जा रहे इंडिगो विमान की आपात लैंडिंग

फिर सामने आई तकनीकी खामी, प्लेन वापस लौटा
प्लेन में सवार थे 180 यात्री, सभी को सुरक्षित उतारा
नई दिल्ली। देश में जब से अहमदाबाद में प्लेन क्रैश हादसा हुआ है, तब से आए दिन कहीं न कहीं हवाई सेवाओं लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर दिन किसी न किसी विमान में खामियां उजागर हो रही है। इससे हवाई सेवाओं पर सवाल उठ रहा है। दरअसल, गुरुवार को दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ए 2006 को उड़ान के कुछ समय बाद ही तकनीकी खामी के चलते आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। यह घटना उस समय हुई जब विमान लेह की ओर बढ़ रहा था, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उसे वापस दिल्ली लौटना पड़ा। विमान में करीब 180 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते निर्णय लिया और फ्लाइट को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।
विमान लौटते ही शुरू हुई जांच
विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इंडिगो एयरलाइंस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि तकनीकी कारणों से एहतियातन यह कदम उठाया गया। एयरलाइंस ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया और वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की जा रही है।
यात्रियों में मचा हड़कंप
विमान के लौटने की सूचना मिलते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर हलचल मच गई। कुछ यात्रियों ने बताया कि उड़ान के दौरान हल्का कंपन महसूस हुआ, जिसके बाद पायलट ने स्थिति की जानकारी दी। हालांकि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
डीजीसीए ने ली जानकारी
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मामले की जानकारी ली है और तकनीकी टीम को जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर किसी बड़ी खराबी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन विस्तृत जांच की जा रही है।