अमानक बीज खाद और कीटनाशकों के खिलाफ सख्त कानूनी प्रावधान लाने पर जोर,देश में खुलेगा फसल औषधि केंद्र ,शिवराज सिंह

नई दिल्ली। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की 96वीं वार्षिक आम बैठक में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अमानक बीज, खाद, कीटनाशक एवं उर्वरक गंभीर विषय है, जिसे लेकर सरकार जल्द कड़ा कानूनी प्रविधान लाएगी। उर्वरकों के मूल्य पर भी काम करने की जरूरत है। सही कीमत तय होनी चाहिए।विकसित कृषि संकल्प अभियान में आए सुझाव के आधार पर कृषि विकास की रणनीति बनेगी।
शिवराज ने जन औषधि केंद्र की तरह फसल औषधि केंद्र खोलने की बात कही। उन्होंने किसानों की उपयोगिता और मांग आधारित शोध की जरूरत पर जोर दिया। बैठक में आइसीएआर की वार्षिक रिपोर्ट जारी की गई। साथ ही कृषि से संबंधित चार पुस्तकों का विमोचन किया गया। इस दौरान राज्यों के कृषि मंत्री एवं अधिकारी भी मौजूद थे। सबने भविष्य में खेती और किसान समृद्धि के लिए एकजुट होकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
शिवराज ने कहा कि कृषि राज्य का विषय है। केंद्र को उनके साथ ही मिलकर काम करना होगा। राज्यों के सहयोग के बिना कृषि की उन्नति के प्रयास अधूरे हैं। खाद्यान्न के मामले में भारत रिकॉर्ड कायम कर रहा है। अन्न के भंडार भर रहे हैं। कभी हम अनाज आयात करते थे। आज निर्यात कर रहे हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि रबी फसल से पहले राज्यों के साथ मिलकर फिर से 'विकसित कृषि संकल्प अभियान' के जरिए किसानों तक विज्ञान को ले जाने की कोशिश होगी। रबी सम्मेलन दो दिन को होगा। पहले दिन रूपरेखा तय होगी, दूसरे दिन राज्यों के कृषि मंत्री तय रूपरेखा को अनुमोदित करते हुए अंतिम कार्ययोजना को रूप देंगे।