भारत ने हर बार आतंकवाद के पनाहगार पाकिस्तान को दी गहरी चोट

भारत ने हर बार आतंकवाद के पनाहगार पाकिस्तान को दी गहरी चोट
X

भारतीय सेना ने ‘पहलगाम हमले’ के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं। इन सैन्य अभियान को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया गया। जिन ठिकानों पर मिसाइल हमला किया गया है, उनमें बहावलपुर भी शामिल हैं, जो आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ माना जाता है।

पाकिस्तान और भारत के बीच लंबे समय सैन्य संघर्ष होते रहे हैं। उस कड़ी में यह ताजा हमला है। दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्षों का इतिहास साल 1947 से शुरू हुआ और 2019 में पाकिस्तान के बालाकोट में हवाई हमले तक पहुंचा था। आइए जानते हैं, भारत और पाकिस्तान के बीच कब-कब बड़े सैन्य संघर्ष हुए।

1947 – पहला भारत-पाक युद्ध (कश्मीर युद्ध)

भारत की आजादी और बंटवारे के बाद जम्मू-कश्मीर रियासत को लेकर युद्ध हुआ। पाकिस्तान समर्थित कबायली लड़ाकों ने कश्मीर पर हमला किया। महाराजा हरि सिंह के कश्मीर के भारत में विलय के बाद भारतीय सेना ने मोर्चा संभाला। जनवरी 1949 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से युद्धविराम हुआ, जिससे कश्मीर दो हिस्सों (भारत और पाकिस्तान के नियंत्रण वाले हिस्से) में बंट गया।

1965 – दूसरा भारत-पाक युद्ध

5 अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने स्थानीय लोगों का भेष लेकर कश्मीर में घुसपैठ की। इसे 'ऑपरेशन जिब्राल्टर' नाम दिया गया। भारत ने जवाबी कार्रवाई में एलओसी पर बड़ा हमला किया। युद्ध 23 सितंबर तक चला और फिर सोवियत संघ व अमेरिका की मदद से युद्धविराम हुआ।

1971 – बांग्लादेश मुक्ति युद्ध

पाकिस्तान ने पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) में बर्बर कार्रवाई की। भारत ने बांग्लादेश की आजादी के समर्थन में युद्ध में प्रवेश किया। 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान की सेना ने आत्मसमर्पण किया और बांग्लादेश बना।

1999 – कारगिल युद्ध

मई से जुलाई 1999 तक पाकिस्तानी सैनिकों और आतंकियों ने कारगिल क्षेत्र की चोटियों पर कब्जा किया। भारत ने 'ऑपरेशन विजय' और वायुसेना ने 'ऑपरेशन सफेद सागर' चलाया। 26 जुलाई को युद्ध समाप्त हुआ, भारत ने अपनी जमीन वापस ली। इसे 'कारगिल विजय दिवस' के रूप में मनाया जाता है।

2016 – उरी हमला और सर्जिकल स्ट्राइक

18 सितंबर 2016 को जम्मू-कश्मीर के उरी में सेना के कैंप पर आतंकी हमला हुआ, जिसमें 19 सैनिक शहीद हुए। 28–29 सितंबर को भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक कर कई आतंकी लॉन्च पैड तबाह किए।

2019 – पुलवामा हमला और बालाकोट एयर स्ट्राइक

14 फरवरी 2019 को पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हमला हुआ, जिसमें 40 जवान शहीद हुए। 26 फरवरी को भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के आतंकी ठिकाने पर हवाई हमला किया।

Tags

Next Story