वैश्विक तनाव के बीच किसानों पर फोकस, सरकार की बड़ी तैयारी

वैश्विक तनाव के बीच किसानों पर फोकस, सरकार की बड़ी तैयारी
X

नई दिल्ली |पश्चिम एशिया में गहराते संकट के बीच बुधवार को केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कृषि क्षेत्र और किसानों के हितों की सुरक्षा पर चर्चा हुई। साथ ही, आने वाले खरीफ सीजन की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई गई।

कृषि क्षेत्र की निगरानी के लिए एक विशेष सेल बनाया गया है। जो खाद, बीज और कीटनाशकों की उपलब्धता पर हर हफ्ते रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय मंत्री को देगा, ताकि समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें। बैठक में कृषि मंत्री ने कहा, सरकार किसानों को समय पर सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संकट के समय पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहें, ताकि किसानों को कोई परेशानी न हो। उन्होंने उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया और फार्मर आईडी के काम को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि वितरण व्यवस्था पारदर्शी और प्रभावी बन सके। वैश्विक संकट का फायदा उठाकर खाद और बीजों की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में राज्य सरकारों को भी कड़े कदम उठाने के लिए कहा जाएगा।

चौहान ने जल्द ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कृषि मंत्रियों के साथ बैठक करने की बात भी कही। बैठक में बीज सुखाने के लिए जरूरी गैस और एग्रो केमिकल्स की उपलब्धता की समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि वैश्विक संकट के दौरान पैकेजिंग सामग्री, खासकर दूध और अन्य कृषि उत्पादों के लिए, किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पेट्रोलियम मंत्रालय और संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाने के निर्देश दिए गए।

Next Story