माँ वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धा का सैलाब: तीसरे दिन उमड़ी भारी भीड़, यात्रा पंजीकरण पुनः शुरू

माँ वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धा का सैलाब: तीसरे दिन उमड़ी भारी भीड़, यात्रा पंजीकरण पुनः शुरू
X

कठुआ | चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन शनिवार को धर्मनगरी कटड़ा में मां वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा पर भारी भीड़ देखने को मिली। सप्ताहांत होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई, जिसके चलते प्रशासन को शाम 4:45 बजे यात्रा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण कक्ष भी कुछ समय के लिए बंद कर दिए गए।

हालांकि, भवन में भीड़ कम होने के बाद रविवार तड़के सुबह 4:00 बजे से यात्रा का पंजीकरण दोबारा शुरू कर दिया गया। जैसे ही पंजीकरण खुले बड़ी संख्या में श्रद्धालु 'जय माता दी' के जयकारों के साथ मां वैष्णो देवी भवन की ओर प्रस्थान करने लगे। पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

दिनभर यात्रियों की आवाजाही जारी रही और हेलीकॉप्टर सेवा, रोपवे, बैटरी कार के साथ-साथ पारंपरिक साधन जैसे घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं भी सुचारू रूप से उपलब्ध रहीं। प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। मौसम भी साफ और अनुकूल रहने के कारण श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सहूलियत मिली। अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक वृद्धि होगी।

Next Story