देश के पूर्व गृहमंत्री शिवराज पाटिल का निधन

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल(Congress Leader Shivraj Pati) का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अस्वस्थ थे और परिवार की देखरेख में रह रहे थे।
राजनीति में शिवराज पाटिल(Shivraj Patil Death News) का योगदान बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। उनका जन्म 12 अक्तूबर 1935 को महाराष्ट्र के लातूर जिले में हुआ था। सरल स्वभाव और मेहनतकश परिवार से आने वाले पाटिल ने कानून की पढ़ाई की थी और कॉलेज के बाद ही धीरे-धीरे राजनीतिक जीवन में सक्रिय हो गए।
अपने लंबे सार्वजनिक करियर में पाटिल ने केंद्र सरकार और राज्य स्तर पर कई अहम पदों की जिम्मेदारियां निभाईं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाने वाले पाटिल लोकसभा के 10वें स्पीकर भी रहे। करीब 40 वर्षों में उन्होंने विभिन्न भूमिकाओं में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
शिवराज पाटिल पहली बार 1980 में सातवीं लोकसभा के लिए चुने गए और 2004 तक सात बार सांसद बने। 1980 और 1990 के दशक में उन्होंने सांसदों की सैलरी व भत्तों पर बनी जॉइंट कमिटी में काम किया तथा बाद में इसके चेयरमैन बने। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में वह रक्षा राज्य मंत्री भी रहे थे।
यूपीए-1 सरकार (2004–2008) में शिवराज पाटिल ने गृह मंत्री का पद संभाला। 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद सुरक्षा चूक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने 30 नवंबर 2008 को इस्तीफा दे दिया।
राष्ट्रीय राजनीति से पहले पाटिल दो बार महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य चुने गए। इस दौरान उन्होंने डिप्टी स्पीकर और स्पीकर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया।
