कुवैत में भीषण सड़क हादसा: 5 भारतीयों की मौत

जम्मू |कुवैत में हुए एक भीषण सड़क हादसे में जम्मू-कश्मीर के पीर पंजाल क्षेत्र के पांच लोगों की मौत हो गई जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों में चार पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील के रहने वाले थे जबकि एक राजोरी जिले की थन्नामंडी तहसील का निवासी था।हादसा कुवैत के एक राजमार्ग पर बुधवार शाम उस समय हुआ जब प्रवासी मजदूरों से भरी एक गाड़ी तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर दूसरे वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुंछ जिले के बच्चेयांवाली गांव के फरीद अहमद, सरफराज अहमद, मोहम्मद खालिद व शींदरा गांव के मुख्तार अहमद और राजोरी के थन्नामंडी के मुमताज रशीद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों में शामिल पुंछ के एक युवक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की वीरवार सुबह जानकारी मिलते ही बच्चेयांवाली, शींदरा और थन्नामंडी में मातम पसर गया।
