देशभर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हिंसा और पथराव की घटनाएं, कई घायल

देशभर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हिंसा और पथराव की घटनाएं, कई घायल
X


देशभर में गणेश विसर्जन के जुलूस के दौरान कई स्थानों पर हिंसक झड़प और पथराव की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, बिहार, मध्य प्रदेश और नेपाल सहित कई क्षेत्रों में जुलूस के दौरान विवाद, पथराव और मारपीट की खबरें दर्ज की गई हैं। इन घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं, और पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।

शिवपुरी, मध्य प्रदेश: कोलारस में पथराव और मारपीट

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम सेसई सड़क में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हिंसा भड़क उठी। रावत समाज सहित सर्व समाज द्वारा आयोजित जुलूस में डीजे और झांकियों के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए ले जाई जा रही थी। इस दौरान कथित तौर पर यादव पक्ष के कुछ लोगों ने जुलूस पर पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई, जिसमें डीजे की बोलेरो गाड़ी के कांच और हेडलाइट तोड़ दिए गए, साथ ही एक लैपटॉप भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना में कई लोग घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, फरियादी अजय रावत ने बॉबी यादव, शिवराज यादव, गणेश यादव और योगेंद्र यादव के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की शिकायत दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उज्जैन, मध्य प्रदेश: लव जिहाद झांकी पर विवाद

उज्जैन के महिदपुर थाना क्षेत्र में सिद्धिविनायक गणेश के परंपरागत जुलूस के दौरान लव जिहाद की झांकी को लेकर विवाद हो गया। जेल रोड से निकल रहे जुलूस में शामिल इस झांकी का मुस्लिम समाज ने विरोध किया, जिसके बाद मोती मस्जिद के पास जुलूस रोक दिया गया। नारेबाजी और बहस के बीच पथराव की घटना हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बाजार बंद हो गए और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए महिदपुर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार और एसडीएम अजय हिंगे ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया। पुलिस की मौजूदगी में जुलूस को आगे बढ़ाया गया।

पुलिस के अनुसार, लव जिहाद की झांकी जागरूकता के उद्देश्य से निकाली गई थी, लेकिन इस पर मुस्लिम समाज ने आपत्ति जताई, जिससे तनाव बढ़ गया।

महाराष्ट्र: भिवंडी में मूर्ति पर पथराव

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हिंदुस्तानी मस्जिद के पास कुछ लोगों ने कथित तौर पर गणेश प्रतिमा पर पथराव किया, जिससे मूर्ति खंडित हो गई। इस घटना के बाद दो समुदायों के बीच झड़प हो गई, और भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया और कई लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस आयुक्त ध्यानेश्वर चव्हाण ने बताया कि वंजारपट्टी नाका पर यह घटना रात करीब 12 बजे हुई। एक युवक को भीड़ ने पकड़कर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।

कर्नाटक: नागमंगला और बेलगावी में हिंसा

कर्नाटक के मांड्या जिले के नागमंगला में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच झड़प हुई। बदरीकोप्पलु गांव से निकल रहे जुलूस के एक पूजा स्थल पर पहुंचने पर बहस शुरू हुई, जो पथराव और हिंसा में बदल गई। भीड़ ने कई दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़ की और आगजनी की। पुलिस ने 52 लोगों को गिरफ्तार किया और 14 सितंबर तक चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हुए।

बेलगावी में भी जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच छूरेबाजी हुई, जिसमें तीन लोग घायल हुए और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह विवाद दो गुटों के बीच प्रतिमा विसर्जन की प्राथमिकता को लेकर शुरू हुआ।

बिहार: जमुई में झड़प

बिहार के जमुई जिले के नीमारंग मोहल्ले में रात बजे गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। इस घटना में छह लोग घायल हुए, और पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। घटनास्थल से कई बाइक भी जब्त की गईं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी बल तैनात किया, और डीएम नवीन कुमार, एसपी विश्वजीत दयाल सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

Next Story