युवती की हत्या से भड़का गांव, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को पीट पीटकर मार डाला

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। आदिवासी बहुल ग्राम कमरोरा में एक युवती की हत्या के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कथित आरोपी युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। एक ही दिन में दो लोगों की जान जाने से क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल बन गया है।

पुलिस के अनुसार कमरोरा गांव निवासी एक किसान की बेटी दोपहर के समय अपने पिता को खेत पर भोजन देने जा रही थी। रास्ते में गांव के ही 25 वर्षीय युवक प्रकाश सिंह पुत्र बल्लू ने उसे रोक लिया। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने दोनों को देखा और परिवार को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो युवती मृत अवस्था में पड़ी मिली।

परिजनों ने आरोप लगाया कि युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है। उनका कहना है कि जब उन्होंने उसे देखा, तब उसका शव निर्वस्त्र हालत में था। खबर फैलते ही गांव में आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल की ओर पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपी प्रकाश सिंह को घेर लिया और उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक की भी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए औबेदुल्लागंज भेजा गया है, ताकि मौत के सही कारणों और दुष्कर्म की पुष्टि हो सके। वहीं, हालात को देखते हुए पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस गांव में लगातार निगरानी रखे हुए है।

Next Story