एमबीए छात्रा हत्या मामले में फरार आरोपी मुंबई से गिरफ्तार

इंदौर। एमबीए छात्रा हत्या मामले में पुलिस ने फरार आरोपी पीयूष धामनोदिया को मुंबई से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी का व्यवहार असामान्य पाया गया। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद पीयूष मानसिक रूप से अस्थिर हो गया और शव के साथ अमानवीय कृत्य करने के बाद मुंबई भाग गया। वहां उसने छात्रा की आत्मा से संपर्क करने के लिए टोने-टोटके किए और यूट्यूब से तरीके सीखकर नाला सोपारा के सुनसान इलाके में क्रिया की। इसके लिए उसने कुंकुं, हल्दी, चूड़ियां और बिंदिया जैसी सामग्री खरीदी। आरोपी के पास पहले से छात्रा का आधार कार्ड और अंगूठी भी थी।
द्वारकापुरी थाना पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान पीयूष छात्रा को याद कर रोने लगा और उससे बात करवाने की जिद करने लगा। पुलिस ने समझाया कि उसने स्वयं अपराध किया है और सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। इसके बाद आरोपी ने हत्या स्वीकार की और बताया कि उसने शराब पी और आपत्तिजनक हरकत की।
पीयूष ने यह भी माना कि ट्रेन से मुंबई जाते समय उसने छात्रा के साथ बनाया अश्लील वीडियो कॉलेज ग्रुप और व्हाट्सएप स्टेटस पर पोस्ट किया। परिजनों को गुमराह करने के लिए उसने छात्रा के मोबाइल से घर न आने का संदेश भेजा और बाद में मोबाइल तोड़कर फेंक दिया।
पुलिस अब आरोपी को मुंबई ले जाकर मोबाइल बरामद करने की तैयारी कर रही है। आरोपी ने कमरे की चाबी भी फेंक दी थी, जो अब तक नहीं मिली है। थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के अनुसार आरोपी की मानसिक स्थिति असामान्य है और उसकी चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है।
