दहेज लोभी का क्रूर चेहरा:: पत्नी और चार माह की मासूम बेटी पर फेंका तेजाब, आरोपी फरार

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दहेज की खातिर एक कारोबारी द्वारा अपनी ही पत्नी और चार महीने की दुधमुंही बच्ची पर तेजाब फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शहर की मैनावाली गली की है, जहाँ तेजाब के छीटों से मासूम बच्ची के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म हो गए हैं। बच्ची की हालत में सुधार होने के बाद परिजनों ने गुरुवार को पुलिस में मामला दर्ज कराया।
शराब की लत और दहेज की मांग ने उजाड़ा घर
पुलिस के अनुसार, आरोपी की शादी करीब ढाई साल पहले डबरा निवासी युवती से हुई थी। पीड़िता ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही पति का असली चेहरा सामने आ गया। वह शराब का आदी था और लगातार मायके से कीमती सामान और नकदी लाने के लिए उसे प्रताड़ित करता था। रिश्तेदारों और मायके वालों की समझाइश के बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
बेटी के जन्म पर और बढ़ा अत्याचार
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार महीने पहले जब उसने बेटी को जन्म दिया, तो पति का गुस्सा और बढ़ गया। वह बेटे की चाहत में पत्नी को ताने देता और मारपीट करता था। चार दिन पहले फिर से दहेज को लेकर विवाद हुआ, जिसमें तैश में आकर आरोपी ने तेजाब फेंक दिया। पीड़िता तो किसी तरह बच गई, लेकिन तेजाब दीवार से टकराकर पास में सो रही चार माह की मासूम पर जा गिरा।
मायके पहुँचकर दर्ज कराई रिपोर्ट, तलाश जारी
खौफनाक वारदात के बाद महिला अपनी घायल बेटी को लेकर तुरंत अपने मायके चली गई। बच्ची का प्राथमिक उपचार कराने और उसकी स्थिति स्थिर होने पर पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। कोतवाली थाना प्रभारी मोहनी वर्मा ने बताया कि आरोपी फिलहाल घर से फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
