मोदी ने गले लगाकर पुतिन का किया स्वागत, दोनों नेता एक ही कार में हुए रवाना

नई दिल्ली रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय भारत दौरे पर शानिवार शाम नई दिल्ली पहुंचे। पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति की पालम हवाई अड्डे पर अगवानी की। पुतिन के सम्मान में हवाई अड्डे पर संगीत और नृत्य के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत कई शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति पुतिन पीएम मोदी के साथ एक कार में सवार होकर निकल गए। यूक्रेन युद्ध के बाद यह पुतिन की पहली भारत यात्रा है। राष्ट्रपति पुतिन आज पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता में शामिल होंगे। इसके बाद पुतिन पीएम मोदी के आवास पर आयोजित एक निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे।
यहां देखें राष्ट्रपति पुतिन का पूरा शेड्यूल:
4 दिसंबर को राष्ट्रपति पुतिन का कार्यक्रम
राष्ट्रपति पुतिन 4 दिसंबर की शाम में नई दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद वह पीएम मोदी के साथ मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसके बाद पीएम मोदी के न्योते पर पुतिन निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे।
पुतिन का 5 दिसंबर का कार्यक्रम
भारत दौरे के दूसरे दिन व्लादिमीर पुतिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद पुतिन राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में शामिल होंगे। बता दें कि प्रतिनिधिमंडलों की बैठक में कुछ प्रमुख उद्योगपति भी शामिल हो सकते हैं।
शुक्रवार को पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन भारत-रूस बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के न्योते पर पुतिन राष्ट्रपति भवन में भोज में शामिल होंगे। इसके बाद राष्ट्रपति पुतिन मॉस्को के लिए रवाना होंगे।
