मुंबई एयरपोर्ट हादसा: रनवे से फिसले एअर इंडिया विमान की प्रारंभिक रिपोर्ट जारी, 48 दिन बाद खुला सच

मुंबई | मुंबई एयरपोर्ट पर बीते 21 जुलाई को एअर इंडिया की विमान रनवे से फिसल गई थी। इसके बाद मामले में सुरक्षा को लेकर चर्चा का बाजार गर्म रहा। यह विमान एयरबस A320 नियो थी, जो कोच्चि से मुंबई आ रही थी। विमान में कुल 182 लोग सवार थे, जिनमें दो पायलट और पांच क्रू मेंबर शामिल थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।
ऐसे में अब इस घटना के मामले में विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने अपनी शुरुआती रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट की माने तो लैंडिंग के दौरान विमान रनवे के दाईं तरफ के किनारे पर टचडाउन हुआ और इसके बाद उसके दाहिने पहिए और नोज व्हील (सामने का पहिया) घास वाले हिस्से में चले गए।
क्या कहती है एएआईबी रिपोर्ट?
एएआईबी की रिपोर्ट में आगे बताया गया कि नोज व्हील के घास वाले हिस्से में जाने के बाद विमान घास पर चलते हुए रनवे के एक इंटरसेक्शन तक गया, फिर उसे दोबारा रनवे के बीच में लाया गया। इसके बाद पायलट ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए विमान को खींचकर टैक्सी कर पार्किंग स्थल K5L तक पहुंचाया। इसके बाद विमान को सामान्य तरीके से पार्क किया गया।
जांच में कौन सी बात आई सामने?
रिपोर्ट में बताया गया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि विमान के तीन मुख्य टायर (नंबर दो, तीन और चार) पंक्चर हो गए थे और उनमें कट के निशान मिले। इसके अलावा, विमान के दूसरे इंजन के कवर (काउल) को भी नुकसान पहुंचा है। दोनों तरफ से इंजन फैन काउल डैमेज पाया गया।
इसके साथ ही रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि घास विमान के मुख्य लैंडिंग गियर और नोज लैंडिंग गियर में फंसी पाई गई, जिससे यह साफ होता है कि विमान कुछ दूरी तक घास पर ही दौड़ता रहा। हालांकि मामले में एएआईबी अभी विस्तृत जांच कर रही है।
