गैंगवार से दहला नारनौल: पपला गुर्जर गैंग के दो गुर्गों में वर्चस्व की जंग, पुष्कर बायल की सरेआम हत्या

गैंगवार से दहला नारनौल: पपला गुर्जर गैंग के दो गुर्गों में वर्चस्व की जंग, पुष्कर बायल की सरेआम हत्या
X


नारनौल/मूसनौता। उत्तर भारत के कुख्यात गैंगस्टर पपला गुर्जर की गैंग में एक बार फिर वर्चस्व को लेकर खूनी खेल खेला गया है। हरियाणा-राजस्थान सीमा पर स्थित नारनौल के गांव मूसनौता में शुक्रवार को गैंगवार के चलते पपला के पूर्व साथी पुष्कर बायल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। कभी एक ही गैंग के लिए काम करने वाले पुष्कर बायल और संदीप उर्फ संध्या अब एक-दूसरे के जानी दुश्मन बन चुके थे, जिसका अंजाम मौत के रूप में सामने आया।

जेल से बाहर आते ही पुराने साथी ने उतारा मौत के घाट

मृतक पुष्कर बायल (33) करीब डेढ़ महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। बताया जा रहा है कि पपला गुर्जर के जेल जाने के बाद गैंग की कमान और इलाके में वर्चस्व को लेकर पुष्कर और संदीप के बीच विवाद गहरा गया था। शुक्रवार को जब पुष्कर अपने साथी भीम सिंह के साथ गांव के सरपंच दशरथ सिंह के घर आयोजित एक कार्यक्रम से स्कॉर्पियो में लौट रहा था, तभी हमलावरों ने उसे घेर लिया।

स्कॉर्पियो रोककर बिछाया 'मौत का जाल'

जैसे ही पुष्कर की गाड़ी गांव के बस स्टैंड के पास पहुंची, वहां पहले से घात लगाए बैठे संदीप उर्फ संध्या और उसके 10-15 हथियारबंद गुर्गों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने पूरी प्लानिंग के साथ पुष्कर को संभलने का मौका तक नहीं दिया और बीच सड़क पर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ मूसनौता

गैंगवार की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि इस हत्याकांड के बाद गैंगवार की आग और भड़क सकती है, जिसे देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Next Story