विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ ला सकता है अविश्वास प्रस्ताव, गंभीर आरोपों की तैयारी

नई दिल्ली |विपक्षी पार्टियां लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विपक्षी पार्टियों का आरोप है कि लोकसभा स्पीकर सदन में पक्षपात करते हैं। लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष में नाराजगी बढ़ रही है और इसकी एक बड़ी वजह स्पीकर का हाल ही में दिया गया एक बयान है, जिस पर खासा विवाद हो रहा है।
.लोकसभा स्पीकर के बयान पर हुआ विवाद
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बीते गुरुवार को एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने कल (बुधवार) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदन में आने से रोका था। बिरला ने आशंका जताई कि अगर प्रधानमंत्री सदन आते तो उनके साथ कोई अप्रत्याशित और अप्रिय घटना घट सकती थी।
प्रधानमंत्री मोदी को बुधवार को लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था, लेकिन आखिरी समय पर उनका संबोधन टाल दिया गया।
इसके अगले दिन स्पीकर ओम बिरला ने बताया, 'मेरे पास जानकारी आई कि कांग्रेस के सांसद पीएम के आसन पर जाकर अप्रत्याशित घटना कर सकते थे। मुझे डर था कि प्रधानमंत्री के साथ कुछ भी हो सकता है। अगर वह घटना हो जाती, तो वह बेहद अप्रिय होती और लोकतंत्र के लिए काला दिन साबित होती।' इस बयान पर खासा विवाद हुआ और विपक्षी सांसदों ने इसकी कड़ी आलोचना की।
