पाकिस्तान: सरकारी इमारत की छत गिरने से बड़ा हादसा, 8 महिलाओं की मौत, 30 से अधिक घायल

पाकिस्तान: सरकारी इमारत की छत गिरने से बड़ा हादसा, 8 महिलाओं की मौत, 30 से अधिक घायल
X


रहीम यार खान। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सोमवार को एक सरकारी इमारत की छत गिरने से 8 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह दुखद घटना लाहौर से करीब 400 किलोमीटर दूर रहीम यार खान जिले में घटित हुई।

मदद की आस में जुटी थीं महिलाएं

रहीम यार खान के उपायुक्त जहीर अनवर ने बताया कि सरकारी वित्त पोषित 'बेनजीर आय सहायता कार्यक्रम' (BISP) के तहत आर्थिक मदद लेने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं केंद्र पर पहुंची थीं। महिलाएं इमारत की छत पर बने हॉल में एकत्रित होकर अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं, तभी अचानक जर्जर छत भरभरा कर ढह गई।

मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दलों ने राहत कार्य शुरू किया। घायल महिलाओं को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कई महिलाओं की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जर्जर इमारत को लेकर सरकार के खिलाफ फूटा गुस्सा

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सरकारी केंद्र की यह इमारत काफी पुरानी और जर्जर अवस्था में थी। बड़ी संख्या में महिलाओं का भार पुरानी छत सहन नहीं कर पाई। इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में सरकार के प्रति भारी रोष व्याप्त है। लोगों ने जर्जर इमारत में केंद्र संचालित करने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।

Next Story