भारत में टिकटॉक वेबसाइट खुलते ही राजनीति गरमाई, कांग्रेस ने साधा केंद्र पर निशाना

भारत में टिकटॉक वेबसाइट खुलते ही राजनीति गरमाई, कांग्रेस ने साधा केंद्र पर निशाना
X

नई दिल्ली चीनी वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिकटॉक की वेबसाइट लगभग पांच वर्षों के बाद भारत फिर से लाइव हो गई है। टिकटॉक की वेबसाइट का मुख्य पेज खुल रहा है। हालांकि सरकार की ओर से चीनी वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध हटाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। भारत में टिकटॉक की साइट खुलने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा है कि नरेंद्र मोदी का चीन प्रेम, देश प्रेम पर भारी पड़ा है।

पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने एक्स पर लिखा कि भारत में चीन की कंपनी 'टिक टॉक' की वेबसाइट चलने लगी है। चीन से झड़प में हमारे 20 जांबाज सैनिक शहीद हुए। पहले तो नरेंद्र मोदी ने चीन को क्लीनचिट दी। लेकिन.. जब कांग्रेस ने दबाव बनाया तो हेड लाइन मैनेज करने को 'टिकटॉक' बैन किया। अब मोदी फिर चीन से लप्पो झप्पो कर रहे हैं, चीन के विदेश मंत्री से मिले हैं और खुद चीन जाने वाले हैं.. और इस बीच ही टिक टॉक से जुड़ी ये खबर आ गई।

कांग्रेस ने आगे लिखा कि साफ है...नरेंद्र मोदी का चीन प्रेम, देश प्रेम पर भारी पड़ा है। पाकिस्तान से सीजफायर की तरह चीन के साथ भी शहादत का सौदा कर दिया गया है। भारत ने जनवरी 2021 में 59 चीनी एप्स को स्थायी रूप से ब्लॉक कर दिया था, जिनमें टिकटॉक भी शामिल था। यह कदम सीमा पर चीन के साथ लंबे तनाव के बाद कदम उठाया गया।

2020 में लगा था प्रतिबंध

2020 में भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिकों के डाटा संरक्षण को देखते हुए चीनी एप टिकटॉक पर कड़ी कार्रवाई की थी। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने आईटी एक्ट की धारा 69A के तहत टिकटॉक समेत कई चीनी एप्स पर प्रतिबंध लगाया था। इस पर सरकार का कहना था कि ये एप्स उपयोगकर्ताओं की संवेदनशील जानकारियां इकट्ठा कर चीन में मौजूद सर्वरों तक पहुंचा रहे थे, जिससे देश की सुरक्षा और संप्रभुता पर खतरा उत्पन्न हो रहा था। इस प्रतिबंध का असर विशेष रूप से युवाओं पर पड़ा है, क्योंकि टिकटॉक भारत में बेहद लोकप्रिय था और लाखों लोग इसे मनोरंजन व रोजगार के साधन के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे।

Next Story