Gen Z बयान पर गरमाई सियासत, CM फडणवीस ने राहुल गांधी को घेरा

मुंबई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि वह अर्बन नक्सल जैसी भाषा बोलते हैं। सीएम फडणवीस का आरोप है कि राहुल गांधी ने देश की जेन-जी यानी युवा पीढ़ी से लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को गिराने की अपील की है। सीएम फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी को संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गांधी के सलाहकारों की सोच भी अर्बन नक्सल जैसी है।
राहुल गांधी ने कल एक्स पोस्ट के जरिए की थी अपील
राहुल गांधी के इस बयान की पृष्ठभूमि में चुनाव आयोग पर उनका नया हमला है। गुरुवार शाम राहुल गांधी ने एक पोस्ट में लिखा था, 'देश का युवा, देश के विद्यार्थी, देश का जेन-जी संविधान की रक्षा करेगा, लोकतंत्र की रक्षा करेगा और वोट चोरी रोकेगा। मैं हमेशा उनके साथ हूं। जय हिंद!'
राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है- फडणवीस
जब पत्रकारों ने राहुल गांधी के इस पोस्ट पर सीएम फडणवीस की प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी ने जेन-जी को एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को गिराने की बात कही। यह वोट चोरी नहीं है, बल्कि राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है। उन्हें संविधान पर भरोसा नहीं है और वह संस्थाओं को नकारते हैं। यह अर्बन नक्सल की भाषा है।'
'देश का जेन-जी संविधान में विश्वास रखता है'
सीएम फडणवीस ने आगे कहा, 'राहुल गांधी के सलाहकारों की सोच अर्बन नक्सल जैसी है। लेकिन देश का जेन-जी संविधान में विश्वास रखता है। यह युवा स्टार्टअप्स और टेक्नोलॉजी में आगे है। राहुल गांधी न तो जेन-जी को समझते हैं, न युवाओं को और न ही बुजुर्गों को।'
