राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किए पद्म पुरस्कार 2025, इन विभूतियों को मिला सम्मान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह-I में पद्म पुरस्कार 2025 प्रदान किया है। पहले चरण में 71 विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। बता दें कि, इस वर्ष 139 लोगों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया है।
पद्म विभूषण - एम. टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत)
इस कड़ी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रसिद्ध मलयालम लेखक एम. टी. वासुदेवन नायर को फिल्म निर्देशक, पटकथा लेखक, संपादक और वक्ता, को मलयालम भाषा, साहित्य और सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। बता दें कि, एमटी वासुदेवन नायर अमर उजाला शब्द सम्मान के सर्वोच्च अलंकरण ‘आकाशदीप’ से भी सम्मानित थे।
पद्म विभूषण - डॉ. दुव्वुर नागेश्वर रेड्डी
तेलंगाना के प्रख्यात गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. दुव्वुर नागेश्वर रेड्डी को एंडोस्कोपी में उनकी अभूतपूर्व नैदानिक प्रगति और अग्रणी चिकित्सा अनुसंधान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
डॉ. लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम को पद्म विभूषण
इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कला और संगीत के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए डॉ. लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम को पद्म विभूषण से सम्मानित किया है। बता दें कि, डॉ.सुब्रमण्यम विख्यात वायलिन वादक हैं। वे कर्नाटक और पश्चिमी संगीत में पारंगत हैं इसके साथ ही वे संगीत के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट शैली के लिए जाने जाते हैं।
पद्म विभूषण - ओसामु सुजुकी (मरणोपरांत)
वहीं जापान के दिवंगत उद्योगपति ओसामु सुजुकी, जो सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के पूर्व प्रमुख थे, को भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, पद्म विभूषण से मरणोपरांत (व्यापार और उद्योग में) सम्मानित किया गया है। बता दें कि, ओसामु सुजुकी को भारत को अपने दूसरे घर के रूप में मानते थे। उनके बेटे और सुजुकी मोटर के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह पुरस्कार प्राप्त किया।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है घोषणा
पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है। पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है।
पद्म भूषण - अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण
आंध्र प्रदेश के निवासी तेलुगु अभिनेता और राजनीतिज्ञ नंदमुरी बालकृष्ण को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। पांच दशकों के करियर में उन्होंने भारतीय सिनेमा और सार्वजनिक जीवन पर अमिट छाप छोड़ी है।
इस वर्ष 139 लोगों को पद्म पुरस्कार
वर्ष 2025 के लिए राष्ट्रपति ने युगल मामले सहित 139 पद्म पुरस्कार प्रदान करने की स्वीकृति दी है (युगल मामले में, पुरस्कार को एक माना जाता है)। इस सूची में 7 पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार विजेताओं में से 23 महिलाएँ हैं और सूची में विदेशी/एनआरआई/पीआईओ/ओसीआई श्रेणी के 10 व्यक्ति और 13 मरणोपरांत पुरस्कार विजेता भी शामिल हैं।