राष्ट्रपति मुर्मू ने राज कुमार गोयल को मुख्य सूचना आयुक्त पद की शपथ दिलाई

नई दिल्ली | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को राज कुमार गोयल को मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें उनके नए पद की जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। बता दें कि मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर रहते हुए राज कुमार गोयल का काम होगा कि सूचना के अधिकार (आरटीआई) से जुड़े मामलों को निष्पक्ष और समय पर निपटाया जाए और नागरिकों को सरकारी जानकारी पहुंचाने में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
यह पद नागरिकों के सूचना के अधिकार की रक्षा और सरकारी जवाबदेही सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राष्ट्रपति ने शपथ ग्रहण के दौरान कहा कि गोयल अपनी नई जिम्मेदारी को ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे और सूचना के अधिकार के महत्व को बनाए रखेंगे।
पीएम मोदी अध्यक्षता वाली पीठ ने की थी सिफारिश
बता दें कि पूर्व आईएएस अधिकारी राज कुमार गोयल के नाम की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाले तीन सदस्यीय पैनल ने सिफारिश की थी। गोयल 1990 बैच के (सेवानिवृत्त) अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-केंद्र शासित प्रदेश (AGMUT) कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। वह 31 अगस्त को कानून और न्याय मंत्रालय के तहत न्याय विभाग में सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने गृह मंत्रालय में सचिव (सीमा प्रबंधन) के रूप में भी काम किया है और केंद्र और तत्कालीन जम्मू और कश्मीर राज्य दोनों में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं।
