नीदरलैंड के नए पीएम रॉब जेटन को प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई, भारत-डच संबंधों को मजबूत करने पर दिया जोर

नीदरलैंड के नए पीएम रॉब जेटन को प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई, भारत-डच संबंधों को मजबूत करने पर दिया जोर
X

नई दिल्ली/द हेग। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड के नवनियुक्त प्रधानमंत्री रॉब जेटन को उनका कार्यकाल शुरू होने पर हार्दिक बधाई दी है। 38 वर्षीय जेटन ने हाल ही में डच राजा विलेम-अलेक्जेंडर के समक्ष प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी शुभकामनाएँ साझा करते हुए लिखा, "रॉब जेटन को नीदरलैंड के प्रधानमंत्री का पद संभालने पर बधाई। भारत और नीदरलैंड के बीच विभिन्न क्षेत्रों में प्रगाढ़ संबंध हैं। मैं आपके साथ मिलकर काम करने और हमारे दोनों देशों के बीच बढ़ते रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्सुक हूं।"

अल्पमत सरकार की कमान: डच राजनीति में नया अध्याय

रॉब जेटन नीदरलैंड में तीन दलों के गठबंधन वाली एक अल्पमत सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। द हेग के 'ह्यूस टेन बॉश पैलेस' में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह के बाद नए कैबिनेट ने कार्यभार संभाल लिया है। गौरतलब है कि 150 सीटों वाले सदन में इस गठबंधन के पास केवल 66 सीटें हैं, जिसका अर्थ है कि सरकार को किसी भी कानून या बिल को पास कराने के लिए विपक्षी सांसदों के समर्थन पर निर्भर रहना होगा। यह पिछले चार वर्षों में नीदरलैंड की तीसरी कैबिनेट है।

इस्लाम विरोधी वाइल्डर्स को दी शिकस्त

रॉब जेटन लिबरल-प्रोग्रेसिव और यूरोप समर्थक 'डी66' पार्टी के नेता हैं। जनवरी 2026 में हुए गठबंधन समझौते के बाद उनकी सरकार का रास्ता साफ हुआ था। उन्होंने रूढ़िवादी क्रिश्चियन डेमोक्रेट्स और राइट-विंग वीवीडी के साथ मिलकर सरकार बनाई है। चुनाव के दौरान जेटन की पार्टी ने इस्लाम विरोधी नेता गीर्ट वाइल्डर्स की फ्रीडम पार्टी (पीवीवी) को कड़े मुकाबले में मात दी थी। हालांकि दोनों दलों ने शुरुआती तौर पर 26-26 सीटें जीती थीं, लेकिन पीवीवी के सात सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद समीकरण बदल गए और मध्यमार्गी डी66 को सरकार बनाने का मौका मिला।

Next Story