प्रियंका गांधी ने ब्लॉक अध्यक्षों के साथ की मैराथन बैठकें, चुनावी तैयारियों पर दिया जोर

गुवाहाटी असम में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य की सियासत में गर्माहट तेज है। चुनावी रण में राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी भी तेज कर दी है। इसी बीच कांग्रेस की अहम बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता रिपुन बोरा ने राज्य में पार्टी की तैयारी को लेकर जानकारी दी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि हमने असम में चुनाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय नेता प्रियंका गांधी जो असम के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष हैं, हाल ही में राज्य के दौरे पर आई थीं।
रिपुन बोरा ने कहा कि प्रियंका गांधी ने असम में संगठन के हर स्तर के नेताओं से बातचीत की। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) के पदाधिकारियों से मुलाकात की और उनकी राय जानी। राज्य चुनाव को ध्यान में रखते हुए बनाई गई चार अलग-अलग समितियों के अध्यक्षों को भी बुलाया गया था। सभी के साथ एक-एक कर बैठक हुई, जिसमें राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इतना ही नहीं सभी नेताओं से सुझाव भी मांगे गए।
पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं पर भी बोले बोरा
पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं के सवाल पर भी रिपुन बोरा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह हर पार्टी में होता है। उन्होंने कहा कि जैसे कांग्रेस से कुछ लोग जाते हैं, वैसे ही भाजपा से भी लोग पार्टी छोड़ते हैं। यह राजनीति का सामान्य हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि इससे कांग्रेस पर कोई असर नहीं पड़ेगा और पार्टी अभी भी मजबूत है।
कांग्रेस की योजना पर क्या बोले बोरा
इसके साथ ही जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस की कोई योजना है कि भाजपा के नेताओं को अपने साथ जोड़ा जाए, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि हां, रणनीति तो है, लेकिन इसे मीडिया के सामने नहीं बताया जा सकता। उन्होंने कहा कि मीडिया में बोलने से खेल खत्म हो जाएगा। सही समय पर सब कुछ सामने आएगा। रिपुन बोरा ने विश्वास जताया कि कांग्रेस असम में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और बेहतर प्रदर्शन करेगी।
