प्रियंका गांधी का हमला: 20 साल की सत्ता ने बिहार को दी सिर्फ गरीबी, बेरोजगारी और पलायन

प्रियंका गांधी का हमला: 20 साल की सत्ता ने बिहार को दी सिर्फ गरीबी, बेरोजगारी और पलायन
X

बेगूसराय। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को बेगूसराय जिले के बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा में राजग सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 20 सालों की सत्ता ने बिहार को सिर्फ गरीबी, बेरोजगारी और पलायन का दर्द दिया है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार की जनता को अब सोच-समझकर अपने भविष्य का फैसला करना होगा। वर्तमान सरकार जनता को भ्रमित करने और पुराने मुद्दों में उलझाने में लगी है, लेकिन आज के संघर्षशील युवा और किसानों की समस्याओं की चर्चा कोई नहीं करता।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने बिहार की धरती से संविधान और न्याय की लड़ाई शुरू की थी, मगर आज उसी संविधान को कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं। बिहार में 20 साल से राजग की सरकार है जिसने लोगों को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का काम किया है।

मतदाता सूची से लाखों नाम काटे जाने पर प्रियंका गांधी ने कहा कि यह जनता के अधिकारों को छीनने की एक बड़ी साजिश है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा रोजगार के अभाव में आज भी दूसरे राज्यों में मजदूरी करने को मजबूर हैं। खेती-किसानी से आमदनी नहीं हो रही, महंगाई लगातार बढ़ रही है और सरकार देश की संपत्ति निजी हाथों में बेच रही है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि राजग सरकार रोजगार देने के दावे करती है लेकिन यह नहीं बताती कि बीते दो दशकों में नौकरियां क्यों नहीं दी गईं। महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘डबल इंजन सरकार’ पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि यह असल में ‘सिंगल इंजन सरकार’ है क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कोई नहीं सुनता और सारे फैसले दिल्ली से होते हैं।

सभा के अंत में प्रियंका गांधी ने बिहार की जनता से महागठबंधन के प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सहयोगी दलों की सरकार बनने पर हर परिवार के एक सदस्य को रोजगार, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया जाएगा।

सभा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और भीड़ ने “बदलाव लाना है, प्रियंका को लाना है” और “महागठबंधन जिंदाबाद” के नारे लगाकर उत्साह दिखाया।

Tags

Next Story