वडोदरा में राहुल गांधी का बड़ा हमला: 'मोदी 100% ट्रंप के कंट्रोल में, अमेरिका के सामने नहीं बोल सकते एक शब्द'

वडोदरा में राहुल गांधी का बड़ा हमला: मोदी 100% ट्रंप के कंट्रोल में, अमेरिका के सामने नहीं बोल सकते एक शब्द
X


वडोदरा । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को वडोदरा में आयोजित 'आदिवासी अधिकार संवाद' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार किए। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी पूरी तरह से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में हैं और संसद में भी इस मुद्दे पर चर्चा करने से कतरा रहे हैं।

ट्रंप और अडाणी के मुद्दे पर घेरा

राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने लोकसभा में 25 मिनट का भाषण दिया, लेकिन अमेरिका के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका में अडाणी पर चल रहा केस असल में नरेंद्र मोदी को धमकाने के लिए है। राहुल ने कहा, "ट्रंप ने साफ कहा है कि वह मोदी का करियर खत्म कर सकते हैं। मोदी अब ट्रंप से पूछे बिना रूस, ईरान या वेनेजुएला से तेल और नेचुरल गैस भी नहीं खरीदेंगे।" उन्होंने अडाणी और एपस्टीन मामले को मोदी की 'कमजोरी' बताते हुए कहा कि भाजपा का पूरा वित्तीय ढांचा अडाणी पर टिका है।

'आदिवासी' बनाम 'वनवासी' की जंग

राहुल गांधी ने आदिवासियों को 'हिंदुस्तान का असली मालिक' बताते हुए कहा कि जल-जंगल-जमीन पर उनका पहला अधिकार है। उन्होंने आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे 'वनवासी' शब्द का इस्तेमाल कर आदिवासियों के अधिकारों को छीनना चाहते हैं। राहुल के अनुसार, वनवासी कहने का अर्थ है कि आप केवल जंगल में रहते हैं, उसके मालिक नहीं हैं।

भाषण की 6 मुख्य बातें:

ट्रंप का नियंत्रण: ट्रंप ने भारतीय सेना का अपमान किया और युद्ध रुकवाने के झूठे दावे किए, लेकिन मोदी 'चूं' तक नहीं कर पाए।

अडाणी का वर्चस्व: अडाणी की कंपनियों और बड़े निजी संस्थानों में एक भी आदिवासी उच्च पद पर नहीं है।

कृषि व्यापार समझौता: मोदी ने भारत का कृषि क्षेत्र अमेरिका के लिए खोल दिया है, जिससे मशीनी खेती वाले अमेरिका के सामने भारत के छोटे किसान बर्बाद हो जाएंगे।

आदिवासियों का विस्थापन: विकास के नाम पर आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है और उन्हें उचित मुआवजा भी नहीं मिल रहा।

बिरसा मुंडा का अपमान: भाजपा बिरसा मुंडा की मूर्ति के सामने हाथ जोड़ती है, लेकिन उनके विचारों और संविधान पर हमला कर रही है।

जातिगत जनगणना: सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण के जरिए दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का आरक्षण खत्म किया जा रहा है।

गुजरात में चुनावी हलचल तेज

राहुल गांधी का यह दौरा गुजरात में आगामी निकाय चुनावों के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, 25 मार्च को विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद 26 मार्च को राज्य चुनाव आयोग नगर निगम और जिला पंचायत चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है।

Next Story