कर्नाटक में छठा भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा संवाद, राजनाथ सिंह करेंगे सह-अध्यक्षता

कर्नाटक में छठा भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा संवाद, राजनाथ सिंह करेंगे सह-अध्यक्षता
X

नई दिल्ली रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 17 फरवरी, 2026 को कर्नाटक के बंगलूरू में फ्रांस की सशस्त्र सेना और पूर्व सैनिक मामलों की मंत्री कैथरीन वॉट्रिन के साथ छठे भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की जाएगी, जिसमें औद्योगिक सहयोग के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बैठक में हो सकते हैं यह बड़े फैसले

दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग समझौते को अगले 10 साल के लिए बढ़ाया जा सकता है। वहीं हैमर मिसाइल के संयुक्त निर्माण के लिए एक समझौता साइन होने की संभावना है। इसके साथ ही भारतीय सेना और फ्रांसीसी थल सेना के प्रतिष्ठानों में एक-दूसरे के अधिकारियों की तैनाती को लेकर भी घोषणा हो सकती है।

हेलीकॉप्टर प्रोजेक्ट का उद्घाटन

दोनों रक्षा मंत्री एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी देखेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों वर्चुअल माध्यम से कर्नाटक के वेमगल में टाटा-एयरबस के H125 लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर असेंबली यूनिट का उद्घाटन करेंगे।

मजबूत है भारत-फ्रांस रक्षा संबंध

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत-फ्रांस संबंधों में रक्षा हमेशा से एक मजबूत स्तंभ रहा है। पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच कई बड़े स्तर की मुलाकातें हुई हैं। बता दें कि, पीएम मोदी जुलाई 2023 में फ्रांस के बैस्टील डे परेड में मुख्य अतिथि थे। जबकि जनवरी 2024 में फ्रांस के राष्ट्रपति भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बने।

नियमित सैन्य अभ्यास

भारत और फ्रांस के बीच सैन्य सहयोग लगातार बढ़ रहा है। दोनों देश नियमित रूप से तीन बड़े संयुक्त अभ्यास करते हैं। इसमें शक्ति - थल सेना के बीच, वरुण - नौसेना के बीच और गरुड़ - वायु सेना के बीच अभ्यास है। इसके अलावा भी कई सैन्य स्तर की गतिविधियां चलती रहती हैं।

फ्रांसीसी मंत्री की पहली भारत यात्रा

कैथरीन वॉट्रिन के अक्तूबर 2025 में रक्षा मंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी। यह वार्षिक रक्षा संवाद एक मंत्री-स्तरीय बैठक है, जिसमें दोनों देश रक्षा और सुरक्षा सहयोग की दिशा तय करते हैं। पिछली यानी 5वीं बैठक अक्तूबर 2023 में फ्रांस में हुई थी।

Next Story